शिक्षा संबल योजना

(निशुल्क कोचिंग, आवास एवं भोजन)

उद्देश्य :

एल एन माहेश्वरी परमार्थ न्यास की ओर से निर्धन परिवारों की प्रतिभाओं के सपने पूरे करने के लिए शिक्षा संबल योजना शुरू की गई है। उत्तर भारत के प्रमुख राज्यों के सरकारी स्कूलों में अध्ययन कर चुके विद्यार्थियों को मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-2025 की तैयारी में शिक्षा सहयोग देते हुए संबल देने से कार्य प्रारंभ किया जा रहा है।

प्रतिभाओं के चयन के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इस चयन प्रक्रिया में 126 विद्यार्थियों (81 छात्रा - 45 छात्र) का चयन किया जाएगा। इन विद्यार्थियों को एल एन माहेश्वरी परमार्थ न्यास की ओर से एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में एलन कोटा में नीट-2025 की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग दी जाएगी | निशुल्क आवास व भोजन की भी सुविधा न्यास द्वारा की जाएगी।

अनिवार्य पात्रता :

1. विद्यार्थी राज्य के सरकारी स्कूल या विद्या भारती स्कूल से सत्र 2023-24 में कक्षा 12 उत्तीर्ण हो।

2. परीक्षा के लिए केवल हिन्दी माध्यम के विद्यार्थी ही पात्र होंगे।

3. सत्र 2023-24 में 12वीं कक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत प्राप्तांक। (भौतिक, रसायन व जीव विज्ञान में औसत 50 प्रतिशत)

4. परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपए या इससे कम हो।

चयन प्रक्रिया :

1. एल एन माहेश्वरी परमार्थ न्यास एवं एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में प्रवेश परीक्षा का आयोजन होगा।

2. परीक्षा का माध्यम हिंदी होगा |

3. प्रवेश परीक्षा 07 जुलाई 2024 को विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

4. यह चयन व अध्ययन एक वर्ष के लिए मान्य होगा।

परीक्षा परिणाम :

1. परिणाम जुलाई माह में जारी किया जाएगा।

2. परिणामों में वरीयता के आधार पर श्रेष्ठ विद्यार्थियों को नीट -2025 प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट, कोटा में क्लास रूम सेंटर पर निशुल्क कोचिंग दी जाएगी।

3. परिणाम में समान अंक होने की स्थिति में बोर्ड प्राप्तांक, उम्र को वरीयता दी जाएगी।

प्रश्नपत्र का प्रारूप :

1. परीक्षा 12वीं बोर्ड के पाठ्यक्रम पर आधारित होगी, इसमें भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान व जीव विज्ञान के प्रश्न शामिल होंगे।

2. पेपर बहू विकल्पी प्रश्नों पर आधारित होगा, जिनके उत्तर ओएमआर शीट में देने होंगे।

3. प्रश्न पत्र दो घंटे का होगा, जिसमें कुल 120 प्रश्न होंगे। इनमें से 100 का उत्तर देना होगा।

4. भौतिकी (फिजिक्स) में 30 प्रश्न में से 25 करने होंगे।

5. रसायन विज्ञान (कैमेस्ट्री) में 30 प्रश्न में से 25 करने होंगे।

6. जीव विज्ञान में 60 प्रश्न में से 50 प्रश्न करने होंगे।

7. प्रत्येक प्रश्न 4 अंक का होगा। गलत उत्तर देने पर 1 अंक का ऋणात्मक मूल्यांकन होगा।

चयन के बाद आवश्यक प्रमाण पत्र :

चयनित विद्यार्थियों को कक्षाएं प्रारंभ होने से पूर्व उपस्थिति के साथ निम्न प्रमाण पत्रों की मूल प्रतियां प्रस्तुत करनी होगी।

1. जन्म प्रमाण पत्र

2. आधार कार्ड

3. मूलनिवासी प्रमाण पत्र

4. आय प्रमाण पत्र

विशेष :
एल एन माहेश्वरी परमार्थ न्यास द्वारा सामाजिक सरोकार के तहत आयोजित की जा रही इस परीक्षा से संबंधित सभी तरह के निर्णयों के अधिकार न्यास के पास सुरक्षित होंगे। किसी भी विवाद की स्थिति में न्यायिक क्षेत्र कोटा रहेगा।